'आप' सबसे अधिक भरोसेमंद साथी


'आप' सबसे अधिक भरोसेमंद साथी
कानपुर [शिवा अवस्थी]। संसद पहुंचने की ललक में सूबे में आम आदमी पार्टी [आप] सबसे अधिक भरोसेमंद साथी के तौर पर उभरी है। अवध जोन की सिर्फ 22 सीटों पर ही आम आदमी पार्टी के दावेदारों का आंकड़ा 1270 पहुंच गया है। बाकी के तीनों जोन में भी आवेदकों में होड़ सी लगी है।
सूबे में सियासत के केंद्र बिंदु माने जाने वाले कानपुर से पांच जनवरी को आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह की सदस्यता अभियान मुहिम अब परवान चढ़ने लगी है। चंद रोज में ही अवध, पूवरंचल, बुंदेलखंड व पश्चिमांचल जोन में लोकसभा चुनाव लड़ने के दावेदारों की बाढ़ सी आ गई है। दिल्ली से जुड़ाव रखने वाले पश्चिमांचल की सीटों पर सबसे अधिक दावेदारी हुई है। यहां 1321 दावेदारों में सांसद बनने की ललक झलकी है। पूवरंचल और बुंदेलखंड में भी आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। कानपुर में सबसे अधिक 65 व अमेठी में सबसे कम आठ दावेदार सामने आए हैं।
सूत्र बताते हैं, अमेठी से आप नेता कुमार विश्वास के चुनाव लड़ने के एलान से दावेदारों की संख्या कम है। हालांकि हर सीट पर कसौटी के बाद ही उम्मीदवार फाइनल होने की सुगबुगाहट से यहां पर भी संख्या बढ़ सकती है।
अभी संख्या और बढ़ेगी :
अवध जोन की संयोजक अरुणा सिंह का मानना है कि राजनीतिक दलदल साफ करने की उम्मीद का प्लेटफार्म आप के रूप में लोगों को मिला है। इसी कारण से दावेदारों की संख्या बढ़ी है। अभी यह संख्या और बढ़ेगी। इनकी स्क्रीनिंग के बाद उम्मीदवार तय होंगे। पहली सूची 20 जनवरी तक जारी होने की संभावनाएं हैं।
तीन सीटों पर 25 निगाहें :
आप की पारखी नजरें हर सीट पर बेदाग और ऊर्जावान उम्मीदवार की तलाश करेंगी। अवध जोन के प्रवक्ता अरविंद वाजपेयी ने बताया, तीन लोकसभा सीटों पर 25 सदस्यीय कमेटी तय कर ली गई है। रविवार से यह कमेटी काम शुरू कर देगी।
जोन में आवेदक :
अवध 1270
पूवरंचल 928
बुंदेलखंड 817
पश्चिमांचल 1321