'गांधी तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं'


आजमगढ़ : लाटघाट में विद्युत संकट को लेकर आमरण अनशन करने वाले दिग्विजय गांधी को जमानत के बाद शनिवार को जेल से रिहा कर दिया गया। उनकी रिहाई की खबर सुनते ही कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। जेल से बाहर आते ही कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। गांधी 'तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं' के नारे से जेल के आस-पास का इलाका गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर गांधी का उत्साहवर्धन किया और कुंवर सिंह उद्यान पहुंचे।
यहां हुई संक्षिप्त सभा में गांधी ने कहा कि हम तो अपने दम पर पहले से जनता के लिए लड़ रहे हैं। अब तो कार्यकर्ताओं के स्वागत ने हमारी ऊर्जा को और बढ़ा दिया है। आगे की योजना के बारे में उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई भी फैसला अब कार्यकर्ताओं से सलाह लेने के बाद लिया जाएगा। रहा सवाल हमारे साथ प्रशासन के व्यवहार का, तो प्रशासन ने हमारे साथ धोखा किया। हमें एसडीएम कोर्ट में पेश भी नहीं किया गया और यह कहकर अस्पताल से ले जाया गया कि घर पहुंचाना है। रास्ते में जेल के पास उतारकर जेल में दाखिल करा दिया गया। दिग्विजय ने जेल अधिकारियों की प्रशंसा की कि मेरे साथ इतना अच्छा बर्ताव किया गया कि लगा ही नहीं कि हम जेल में हैं।
स्वागत के दौरान पार्टी के संयोजक राजेश यादव एडवोकेट, भीम यादव एडवोकेट, अरविंद मिश्रा, मीडिया प्रभारी आलोक तिवारी, सचिव कमलेश सिंह, विनोद यादव, संजय सिंह, उमेश, संजय दुबे, रामचंदर आदि उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर से कहा कि प्रशासन ने जो भी किया वह उचित नहीं था। संगठन आगे की रणनीति तय करने के लिए शनिवार को सिधारी स्थित कार्यालय पर बैठक करेगा।